झांसी। अलग-अलग स्थानों पर पिछले 24 घंटे में हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक है।
टीकमगढ़ जिले के तरीचर कला निवासी गुलजारी (35 वर्ष) पुत्र सुन्नू लाल रविवार की दोपहर में साइकिल से अपनी पत्नी मिथिला (32 वर्ष) के साथ जा रहे थे। रास्ते में जावन टोरिया के आगे पीछे से तेजी से आ रही बोलेरो ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों छिटककर दूर सड़क पर गिरकर अचेत हो गए। हादसा होने के बाद बोलैरो भाग गई और मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को लेकर मेडिकल कालेज आए, जहां गुलजारी ने दम तोड़ दिया। मिथिला की हालत काफी गंभीर बनी हुई है।
टहरौली संवाददाता के अनुसार टहरौली खास निवासी हरवंश का इकलौता पुत्र दीपक (20 वर्ष) शनिवार की रात करीब साढ़े दस बजे गुराई टोरिया से कव्वाली सुनकर घर लौट रहा था। रास्ते में मारुति वैन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां से गुजरे राहगीरों ने दीपक को घायल पड़ा देख परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे लेकर मेडिकल कालेज आए, जहां उसने दम तोड़ दिया।
ललितपुर के पूरा कलां थानांतर्गत हिंगोरा निवासी कमलेश यादव (30 वर्ष) पुत्र बान सिंह शनिवार रात को बाइक से तालबेहट जा रहे थे। रास्ते में तालबेहट में ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें चिंताजनक हालत में मेडिकल कालेज लेकर आए, जहां उनकी मौत हो गई। दतिया कोतवाली क्षेत्रांतर्गत सिद्धार्थ कालोनी निवासी भारत (25 वर्ष) पुत्र मैथिलीशरण बाइक से रक्सा की तरफ जा रहा था। रास्ते में ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, मोंठ थानांतर्गत अखड़ापुरा निवासी रमेश का पुत्र धीरज रविवार की दोपहर में अपनी मां कुसुम लता (55 वर्ष) के साथ बाइक से समथर जा रहा था। रास्ते में पंडोखर रोड पर मारुति कार ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे सिर में चोट लगने से कुसुम लता गंभीर रूप से घायल हो गई, उन्हें चिंताजनक हालत में मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है, जबकि पुत्र धीरज को चोट लगी है।