सदर बाजार थानांतर्गत जेल के पीछे गुरुवार की रात बेवजह की गई पिटाई से गुस्साए युवक व उनके साथियों ने हमलावरों की जमकर खबर ली। उन्हें दौड़ा दौड़ा कर पीटा। पथराव भी किया, जिससे हमलावरों की
तीन बाइक्स क्षतिग्रस्त हो र्गइं। झगड़े के दौरान बाइक्स में आग लगाने का प्रयास भी किया गया। सूचना पर पहुंची सदर बाजार पुलिस ने बाइकों को कब्जे में ले लिया है।
खुशीपुरा और गोविंद चौराहा के पास रहने वाले दो युवक रात को एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जेल के पीछे बाइक लेकर खड़े पांच-छह युवकों ने दोनों को रोका और उनके गाल पर चांटा मार दिया। इस पर दोनों युवकों ने विरोध किया तो युवकों ने उनकी पिटाई कर दी। इस बीच दोनों युवकों ने फोन करके अपने साथियों को बुला लिया। कुछ देर में पहुंचे दर्जनों युवकों ने चांटा मारने वाले युवकों की जमकर धुनाई की। इस बीच मौका पाकर वह अपनी तीन बाइक छोड़कर भाग गए। गुस्साए दर्जनों युवकों ने उन पर पथराव कर दिया। पत्थरों से बाइक्स भी क्षतिग्रस्त कर दी। वह तीनों बाइक्स में आग लगाते तब तक थाना नवाबाद पुलिस पहुंच गई। पुलिस को देख तोड़फोड़ करने वाले भी भाग गए।
नवाबाद थाना पुलिस की सूचना पर सदर बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस तीनों बाइक्स को लेकर थाने पर आ गई। सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि विवाद किस-किस के बीच हुआ, इसकी अभी जानकारी नहीं हो पाई है।