बृहस्पतिवार शाम कस्बा में हाइवे पर थाने के सामने दो डंपरों की सीधी भिड़ंत हो गई। पीछे से आकर एक पिकअप भी उनमें से एक में भिड़ गई। हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक ट्रक में फंसे ड्राइवर को एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला जा सका। इस दौरान वहां जाम लगा रहा। हाइवे पर चल रहे मरम्मत कार्य की वजह से एक ही पटरी से दोनों ओर के वाहन निकाले जा रहे थे।
झांसी-कानपुर हाइवे पर बृहस्पतिवार को मरम्मत का काम चल रहा था। इस वजह से हाइवे की एक ओर की सड़क बंद करके एक ही सड़क से दोनों ओर के वाहन निकाले जा रहे थे। शाम के समय थाने के ठीक सामने झांसी की ओर से आ रहे डंपर यूपी 93 एटी 7921 में कानपुर की तरफ से आ रहे डंपर यूपी 93 ई 5230 की भिड़ंत हो गई।
इसी दौरान कानपुर की ओर से ही आ रही पिकअप यूपी 94 टी 3680 भी डंपर में भिड़ गई। हादसे में तीनों वाहनों में सवार छह लोग घायल हो गया। डंपर यूपी 93 एटी 7921 का ड्राइवर भीम सिंह यादव निवासी मवई वाहन में फंस गया।
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष केके पांडेय ने दो जेसीबी मशीन मंगवाकर डंपर में फंसे ड्राइवर को निकलवाकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। इस दौरान एक घंटे से अधिक समय तक हाइवे पर जाम लगा रहा।
अन्य घायलों में दूसरे डंपर के ड्राइवर ठाकुरदास, नम्रता यादव (17) निवासी जालौन, पिकअप ड्राइवर यूनिस खान उसके सहयोगी सलमान को उपचार के लिए सीएससी में भर्ती कराया गया। इनमें से ठाकुर दास को मेडिकल कॉलेज भेजा गया।