झांसी। शिवाजी नगर में स्टूडेंट बनकर रह रहे 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश को निवाड़ी पुलिस ने लूट के चार लाख रुपये समेत गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने खुलासा किया है कि वह अपने साथी के साथ झांसी में दो वारदातों को अंजाम दे चुका है।
निवाड़ी थाने के प्रभारी विनायक ने बताया कि कुछ समय पूर्व निवाड़ी तिगैला स्थित शिवानी स्टील्स कारपोरेशन से चार लाख रुपये लूट की वारदात हुई थी। लुटेरों का सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने वारदात स्थल के मोबाइल टावर की कॉल डंप की। मोबाइल नंबरों की सूची में एक संदिग्ध नंबर पकड़ में आया। पुलिस को सर्विलांस से मोबाइल की लोकेशन शिवाजी नगर नवाबाद मिली।
लुटेरे का नाम अमन उर्फ राहुल सिंह परिहार पुत्र महेंद्र सिंह परिहार निवासी उरई सामने आया है। जब निवाड़ी पुलिस शिवाजी नगर पहुंची तो वह नहीं मिला। कई जगह छापेमारी के बावजूद सफलता नहीं मिली। इसके चलते डीआईजी छतरपुर ने अमन उर्फ राहुल पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। कुछ दिन बाद फिर उसकी लोकेशन लोकेशन शिवाजी में मिली।
निवाड़ी पुलिस ने दोबारा शिवाजी नगर में डेरा डाल लिया। इस बीच मौका लगते ही इनामी भाग निकला। मगर इस बार पुलिस टीम उसका पीछा करती रही। जिला साइबर क्राइम टीम की मदद से पुलिस ने सोमवार को इनामी को उरई के पास से दबोच लिया। उसके पास से लूट के चार लाख रुपये बरामद हुए हैं।
पूछताछ में गिरफ्तार इनामी बदमाश ने बताया कि वह नवाबाद के शिवाजी नगर में स्टूडेंट बनकर रह रहा था, जिसकी वजह से किसी को उस पर शक नहीं होता था। उसने बताया कि वह रक्सा और झांसी शहर में दो वारदातों को अंजाम दे चुका है। अब पुलिस उसके फरार साथी अजय उर्फ बबुआ निवासी गांधी नगर उरई की तलाश कर रही है।