पुलिस महानिदेशक अरविंद कुमार जैन ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम) में झांसी को एक्सीलेंट बताकर अन्य जिलों को नसीहत दी। उन्होंने पंचायत चुनाव को लेकर संवेदनशील गांवों में निरोधात्मक कार्रवाई करने और अपराधियों की जमानत निरस्त कराने के निर्देश दिए।
गुरुवार शाम चार बजे से शुरू हुई कांफ्रेंसिंग में डीजीपी ने सबसे पहले सीसीटीएनएस के आंकड़ों के बारे में जानकारी की। आगामी पंचायत चुनाव को लेकर डीजीपी ने कहा कि थानेदारों के अलावा अधिकारी संवेदनशील गांवों का भ्रमण करें। संवेदनशील लोगों के खिलाफ प्रिवेंटिव कार्रवाई करें। जो अपराधी जेल से बाहर चुनाव प्रभावित कर सकता है, उसकी जमानत निरस्त की कार्रवाई कर जेल भेजें। सिपाहियों की भर्ती के मुद्दे पर कहा कि ट्रेनिंग से पूर्व शत-प्रतिशत वेरिफिकेशन करवा लिया जाए। रमजान को देखते हुए मिश्रित आबादी क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएं। ईद से पूर्व क्षेत्रों में बैठक करके सौहार्दपूर्ण माहौल बनाएं।
इस मौके पर एसएसपी किरन एस मौजूद रहे।
एसपी देहात को बनाया 1090 का नोडल अधिकारी
एसएसपी ने बताया कि डीजीपी ने वूमेन पावर सैल (1090) का जिले में नोडल अधिकारी एसपी देहात दिनेश सिंह को बनाया है जबकि महिला थानाध्यक्ष को लिंक अधिकारी बनाया है। उन्होंने बताया कि वूमेन पावर सैल में आने वाली शिकायतों को रजिस्टर पर अंकित करके निस्तारित कराया जाएगा।