शनिवार रात सदर बाजार में एक ब्रांडेड कंपनी के शोरूम में छत के रास्ते से घुसे चोरों ने करीब दो लाख रुपये कीमत के कपड़े, दस हजार रुपये नकद और चांदी के सिक्के चुरा लिए। थानेदार का कहना है कि शोरूम संचालक छत के रास्ते का दरवाजा खुला छोड़ गए थे।
राजगढ़ निवासी जितेंद्र कुमार गुप्ता सदर बाजार में कपड़ों की एक ब्रांडेड कंपनी का शोरूम खोले हुए हैं। शनिवार देर शाम शोरूम बंद कर वह घर चले गए। रविवार सुबह शोरूम खोलकर अंदर पहुंचे, तो वहां सामान बिखरा पड़ा था, अंदर के दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। शोरूम की हालत देखकर अंदाजा हो गया कि चोरी हुई है। उनकी सूचना पर पहुंची नवाबाद थाना पुलिस ने फिंगर प्रिंट्स विशेषज्ञों को बुलाकर मामले की जांच कराई। शोरूम मालिक जितेंद्र ने बताया कि करीब दो लाख रुपये के कपड़े, दस हजार रुपये नकद व आठ चांदी के सिक्के चोरी गए हैं। सोमवार को कंपनी के प्रतिनिधि पहुंचकर सर्वे कर चोरी गए माल की वास्तविक कीमत बताएंगे।
उन्होंने बताया कि चोर छत के रास्ते से शोरूम के अंदर पहुंचे। शोरूम के पीछे सूरज प्रसाद इंटर कॉलेज की बाउंड्री है, अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाश बाउंड्री के सहारे ही छत पर पहुंचे और पहले ऑफिस व फिर शोरूम में आराम से चोरी की घटना को अंजाम दिया। शोरूम के सीसीटीवी कैमरे कुछ महीने पहले खराब हो गए थे, जिन्हें सही नहीं कराया गया था।
थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि शोरूम से फिंगर प्रिंटस समेत अन्य सबूत जुटाए गए हैं। मामला दर्ज कर लिया गया है।