झांसी। चेन स्नेचिंग की घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पांच दिन में सिर्फ कुछ लोगों से पूछताछ की गई और शातिर चेन लुटेरों का रिकार्ड खंगाले गए।
कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला नरसिंह राव टौरिया र्में राखी पाठक के गले से 17 जून को उस समय बदमाशों ने सोने की जंजीर लूट ली थी, जब वह रिश्तेदारी से लौट कर अपनी मां के घर जा रहीं थीं।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर उस क्षेत्र के मोबाइल टावरों के संपर्क में आए सभी नंबरों को ट्रेस किया गया और सूचीबद्ध चेन स्नेचरों की लोकेशन भी देखी गई। इसके बावजूद पुलिस को कुछ खास हाथ नहीं लगा। एक बदमाश की लोकेशन अवश्य घटना स्थल एवं बरुआसागर में हुई चेन स्नेचिंग से मैच हुई, मगर पुलिस अभी तक उसे भी पकड़कर पूछताछ नहीं कर सकी है। कोतवाल आशीष मिश्रा ने दावा किया कि लुटेरे जल्द ही गिरफ्त में होंगे।
ट्रेन में महिला की चेन लूटी, पकड़ा गया
मंगला एक्सप्रेस में सवार महिला की जंजीर छीनने की सूचना पर आरपीएफ मौके पर पहुंच गई। वहां पता चला कि लुटेरे को ग्वालियर में ही पकड़ लिया गया था।
निजामुद्दीन से अर्नाकुलम जाने वाली गाड़ी संख्या 12618 अप मंगला एक्सप्रेस के एस-10 कोच में एक दंपति यात्रा कर रहा था। ट्रेन जब ग्वालियर स्टेशन के प्लेटफार्म से आगे बढ़ रही थी, तभी एक बदमाश ने खिड़की से उक्त महिला के गले पर झपट्टा मारकर सोने की जंजीर छीन ली।
चूंकि, ट्रेन गति पकड़ चुकी थी, इस कारण दंपति ग्वालियर स्टेशन पर नहीं उतर सके। उक्त घटना को ग्वालियर स्टेशन पर मौजूद अन्य यात्रियों ने देख लिया और उन्होंने बदमाश को पकड़कर आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया गया। इधर, ट्रेन के झांसी आने पर आरपीएफ मौके पर पहुंच गई। दंपति को आरोपी के पकड़ने की जानकारी दी गई। बाद में दंपति झांसी में उतरकर दूसरी ट्रेन से ग्वालियर के लिए रवाना हो गया।