नवाबाद थानांतर्गत मऊरानीपुर तिराहा के पास रविवार की रात में एक जांबाज छात्र लुटेरों से भिड़ गया, लेकिन अकेले पड़े इस छात्र की गर्दन दबाकर बदमाश सोने की जंजीर और लाकेट लूट ले गए। मौके पर पहुंचे दारोगा ने पीड़ित की गुहार पर बदमाशों को पकड़ने की बजाय पहले बदमाशों के दूर निकलने की बात कही और बाद में अपनी पुरानी मोटरसाइकिल का रोना रोकर वहां से चले गए। सुबह पुलिस ने घटना को ही रफा-दफा करने का प्रयास किया, जिसको गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने सीओ को जांच सौंपी है।
कोतवाली थानांतर्गत मिनर्वा निवासी हरचरन तिवारी तबीयत खराब होने पर एक नर्सिंगहोम में भर्ती हैं। रविवार की रात करीब नौ बजे उनका 24 वर्षीय पुत्र एमएससी का छात्र पुष्पेंद्र तिवारी नर्सिंगहोम में पिता की तीमारदारी में लगी मां के लिए खाना लेकर जा रहा था। वह इलाइट चौराहे से मेडिकल कॉलेज के लिए आपे में सवार हुआ, जिसमें पीछे की तरफ चार सवारी बैठी हुई थीं। इसपर पुष्पेंद्र ड्राइवर के पास बैठ गया। पुष्पेंद्र के अनुसार बस स्टैंड पार होने के बाद मऊरानीपुर तिराहे से पहले पीछे से तेजी से बाइक पर आए दो युवकों ने ओवर टेक करके आपे रुकवा लिया। आपे के रुकते ही बाइक सवार बदमाशों ने असलाह चमकाते हुए सवारियों से लूटपाट करने का प्रयास किया। लूटपाट का विरोध करते हुए पुष्पेंद्र की दोनों बदमाशों से गुत्थमगुत्था हो गई। इस बीच बदमाशों ने पुष्पेंद्र की गर्दन पकड़कर जोर से दबा दी, जिससे वह शिथिल पड़ गया और बदमाश उसके गले से सोने की जंजीर व लॉकेट लूटकर मऊरानीपुर के रास्ते की तरफ भाग गए।
लूटपाट करके बदमाशों के भाग जाने के बाद आपे में सवार लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को वारदात की सूचना दी। पुष्पेंद्र ने बताया कि एक दारोगा के मौके पर पहुंचने पर उसने बदमाशों का पीछा करने की बात कही, तो दारोगा ने बदमाशों के अब तक दूर भाग जाने की बात कहकर टाला। जब पुष्पेंद्र पीछा करने की जिद करने लगा तो दारोगा ने बाइक पुरानी होने की बात कह कर इनकार कर दिया। इसके बाद थाना पुलिस ने बदमाशों की तलाश करने के बजाय वारदात को छुपाने की कवायद शुरू कर दी। उधर मंडी चौकी प्रभारी का कहना है कि उनके क्षेत्र में लूट तो दूर की बात मारपीट तक नहीं हुई जबकि कार्यवाहक थानाध्यक्ष ने इस घटना को दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना माना है। उनके अनुसार शिकायती पत्र थाने पर नहीं आया है। वहीं, पीड़ित छात्र पुष्पेंद्र का कहना है कि उसने पुलिस में शिकायत कर दी है।
एसएसपी किरन एस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि सोने की जंजीर लूटने का मामला उनके संज्ञान में आया है। दारोगा द्वारा बदमाशों का पीछा नहीं करने और वारदात को छुपाने के मामले की सीओ सिटी को जांच सौंप दी गई है। सत्यता मिलने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।