खड़े ट्रक से बाइक टकराई, दो लोगों की मौत
- फोटो : demo pic
झांसी। मेडिकल कालेज बाईपास के पास बृहस्पतिवार की रात रफ्तार से दौड़ रही बाइक खड़े ट्रक से टकरा गई जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि हमीरपुर के सुमेर निवासी उत्तम (25) और सीपरी बाजार के हस्तिनापुर निवासी अवधेश (24) रात करीब आठ बजे मजदूरी करके कानपुर बाईपास की तरफ जा रहे थे। रास्ते में ज्यादा ट्रैफिक नहीं मिलने पर बाइक रफ्तार से दौड़ रही थी। बेकाबू बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। टक्कर होने के बाद बाइक ट्रक में फंस गई और दोनों सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय चौकी इंचार्ज ओपी यादव मौके पर पहुंचे।
उन्होंने दोनों घायलों को मेडिकल कालेज पहुंचाकर परिजनों को सूचना दी। पुलिस उन्हें लेकर मेडिकल कालेज पहुंची जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
होटल से संदिग्ध युवक पकड़े, कई लूट का खुलासा संभव
झांसी। जीवनशाह तिराहा स्थित एक होटल पर बृहस्पतिवार को पुलिस टीम ने छापा मारा। पुलिस ने होटल से 10 लोगों को हिरासत में लिया, जिनसे पुलिस को लूट की कई वारदातों के खुलासे की उम्मीद है।
दोपहर में पुलिस को सूचना मिली कि एक होटल के अंदर तीन-चार दिन से संदिग्ध कुछ युवक रुके हुए हैं। गड़बड़ी की आशंका पर पुलिस टीम ने होटल पर छापा मारकर तलाशी अभियान चलाया तो पुलिस ने करीब 10 युवकों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए युवकों में से कुछ की शिनाख्त लुटेरों के रूप में हुई है। पुलिस सूत्र बताते हैं कि उनसे प्रेमनगर में 26 सितंबर को दंपति और 10 सितंबर को बबीना में हुई लूट का खुलासा हो सकता है।