न्यायालय अपर सत्र न्यायाधीश व विशेष न्यायाधीश दस्यु प्रभावित शकील अहमद खां ने एनडीपीएस के आरोपी को आगरा जेल भेजे जाने पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक को 16 अप्रैल को तलब किया है। आरोपी के आगरा भेजे जाने के कारण केस निपटने में देरी हो रही है और साथ ही मामले में गवाही भी नहीं हो पा रही है।
2016 में बड़ागांव पुलिस ने अभियुक्त संतोष को एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसी बीच वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने अभियुक्त संतोष को झांसी जेल से आगरा जेल पहुंचा दिया। इसके बाद वह मुकदमे की तारीख के लिए अदालत नहीं आ रहा। 11 अप्रैल को इस मामले में न्यायालय अपर सत्र न्यायाधीश व विशेष न्यायाधीश दस्यु प्रभावित शकील अहमद खां की अदालत में तारीख थी। इस बार भी अभियुक्त अदालत नहीं आया।
इस पर नाराज अदालत ने वरिष्ठ जेल अधीक्षक को 19 अप्रैल को तलब किया है। आदेश दिया है कि वरिष्ठ जेल अधीक्षक अदालत में उपस्थित होकर बताएं कि अभियुक्त संतोष को किसके आदेश से आगरा जेल भेजा गया। किन कारणों से अभियुक्त अदालत में पेश नहीं हो रहा है। अभियुक्त के अदालत में पेश न होने के चलते गवाही भी नहीं हो पा रही है। इससे केस निपटने में देरी हो रही है।