बड़ागांव कसबा में सोमवार को दिनदहाड़े हुए दोहरे हत्याकांड के तीसरे दिन
बुधवार को एसएसपी ने थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया। हत्याकांड के विरोध
में तीसरे दिन भी व्यापारियों ने बाजार बंद रखा। हादसे से खौफजदा कसबा
वासियों ने अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजा, इस कारण शिक्षण संस्थाएं भी
बंद रहीं। स्कूल व बाजार बंद रहने से कसबा में सन्नाटा सा पसरा रहा।
सुरक्षा के लिहाज से चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा।
सोमवार को
ग्राम बचावली के संजय यादव (22) व बसोबा के रंजीत उर्फ रानू यादव की गोली
मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड के तीसरे दिन भी हत्यारोपी पुलिस के
हत्थे नहीं चढ़े। मामले को लेकर तनाव की स्थिति को देखते हुए एसएसपी किरण
एस. ने थानाध्यक्ष धर्मवीर सिंह यादव को लाइन हाजिर कर दिया। उनके स्थान पर
शाहजहांपुर के थानाध्यक्ष मुकेश गौतम को बड़ागांव एसओ बनाया गया है।
सीओ
सदर राघवेंद्र सिंह यादव पीड़ित परिवार के घर गए, वहां परिवार के सुघर
सिंह यादव आदि को आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। बाद में
थानाध्यक्ष टहरौली सीएल यादव, थानाध्यक्ष जखौरा हाकिम सिंह, थानाध्यक्ष
चिरगांव प्रवीण कुमार यादव, एसओ बबीना सतीश कुमार सिंह आदि ने व्यापारियों
के साथ बैठक कर उनसे बाजार खोलने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने
व्यापारियों को सुरक्षा एवं हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन
दिया। इस मौके पर पार्षद मनोज सोनी, पार्षद मनीष दुबे, प्रधानाचार्य कृष्ण
बिहारी नायक, डा. आत्माराम बादल, डा. मैथिलीशरण नगरिया, रतीराम कुशवाहा आदि
मौजूद रहे।
आरोपियों की गिरफ्तारी को दिया धरना
झांसी।
बड़ागांव में हुए दोहरे हत्याकांड के अभियुक्तों की गिरफ्तारी न होने पर
बुधवार को पीड़ित परिवार के साथ दर्जनों लोगों ने इलाइट चौराहे पर धरना
दिया। बाद में मौके पर पहुंचे एसएसपी के आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया
गया। परिजनों का विलाप देखकर मौके पर भीड़ लगी रही।
सोमवार को
बड़ागांव में हुए दोहरे हत्याकांड में बड़ागांव निवासी कैलाश राजपूत पुत्र
मातादीन, सोमवीर कुशवाहा पुत्र बाबूलाल, सुनील कुशवाहा पुत्र गोकुल
कुशवाहा रिंकू व बचावली निवासी रोहित यादव पुत्र रमाकांत के खिलाफ मुकदमा
दर्ज कराया गया था। घटना के तीसरे दिन भी अभियुक्तों की गिरफ्तारी न होने
पर बुधवार की सुबह साढ़े दस बजे पीड़ित परिवार दर्जनों लोगों के साथ इलाइट
चौराहे पर आया और अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। महिलाओं का विलाप देखकर
मौके पर भीड़ लग गई।
खबर लगते ही सीओ सिटी कल्याण सिंह समेत कई थानों
की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पीड़ित परिवार को कई बार समझाने का
प्रयास किया, मगर वह धरना खत्म करने को तैयार नहीं हुए। तदुपरांत एसएसपी
किरण एस मौके पर पहुंचे व पीड़ित परिवार को अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी
का आश्वासन दिया। कुछ देर और बैठने के बाद पीड़ित परिवार वापस गांव चला
गया।