मारपीट कर जबरन पिलाया था तेजाब, मौत
झांसी। थाना कोतवाली इलाके में संतोष कुशवाहा (40) को लेनदेन के विवाद में मारपीट कर आरोपियों ने जबरन तेजाब पिलाया था। हालत बिगड़ने पर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां बुधवार को उसने दम तोड़ दिया।
थाना कोतवाली के ओरछा गेट स्थित भाऊ का बाड़ा निवासी छोटेलाल कुशवाहा के पुत्र संतोष कुशवाहा का मोहल्ले के ही सुनील कुशवाहा, निक्की कुशवाहा व रामरतन कुशवाहा से लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। दस मई को तीनों ने घर बुलाकर संतोष को जमकर पीटा। आरोप है कि मारपीट के चलते बेहोश हो जाने के बाद तीनों ने संतोष को जबरन तेजाब पिलाया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। घबराकर आरोपी उसे घर मेें ही छोड़कर भाग गए। खबर पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना देने के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। मंगलवार देर रात संतोष ने दम तोड़ दिया। मृतक के भाई रवि कुशवाहा का आरोप है कि कुछ समय पहले संतोष ने तीनों आरोपियों से पचास हजार रुपये उधार लिए थे। समय से रुपये अदा न कर पाने की वजह से तीनों परेशान कर उसे धमका रहे थे। उनका आरोप है कि तीनों आरोपियों ने मारपीट कर जबरन तेजाब पिला दिया, जिससे उसके भाई की मौत हो गई। पुलिस ने भाई की तहरीर पर तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सूत्रों से पता चला है कि घटना के पीछे सट्टे की रकम का विवाद चल रहा था, जिसके चलते उसके साथ पहले भी मारपीट हो चुकी थी।
मोबाइल पर सिपाही करता रहा बात
इस पूरे प्रकरण में एक सिपाही की भूमिका संदिग्ध रही। बताया गया है कि घटना के बाद से ही एक आरोपी सिपाही से मोबाइल के जरिए संपर्क में रहा। मौत हो जाने के बाद भी आरोपी से सिपाही बात करता रहा। कोतवाली में दिन भर इस तरह की चर्चाएं रहीं। ऐसे मेें आरोपियों को भागने का पूरा मौका भी मिला।