चांदी कारोबारी के सूने घर से लाखों की चोरी
झांसी।
कोतवाली क्षेत्र की शिव परिवार कॉलोनी में रहने वाले चांदी कारोबारी के घर से दिनदहाड़े बदमाश लाखों रुपये की चांदी, जेवरात व नगदी चोरी कर ले गए। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
बाहर उन्नाव गेट स्थित पंचवटी के पास बनी शिव परिवार कॉलोनी में चांदी कारोबारी राहुल गुप्ता पत्नी के साथ रहते हैं। शुक्रवार को उनकी पत्नी जिला अस्पताल में भर्ती थीं। घर का ताला लगाकर राहुल अपनी मां के साथ अस्पताल चले गए। दोपहर करीब तीन बजे बदमाशों ने मौका पाकर उनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए। एक कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर उसमेें रखे लाखों के जेवरात व नगदी चोरी कर निकल गए। साथ ही कमरे में रखी एलईडी टीवी भी ले गए। शाम को घर पहुंचने पर जब राहुल ने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखा तो वह अवाक रह गए। अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान बिखरा था और अलमारी में रखे जेवरात व रुपये गायब थे। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटना की जानकारी लेने के बाद आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की।
परिचित पर घूम रही शक की सुई
चोरी की घटना को एक घंटे के भीतर अंजाम दिया गया। गुनाहगारों को यह पता था कि परिवार के सभी सदस्य अस्पताल गए हैं। इसी बात का फायदा उठाकर बदमाश घटना को अंजाम देकर निकल गए। घटना में किसी परिचित पर ही शक की सुई घूम रही है, जिसे पता था घर पर कोई नहीं है।