विजिलेंस जांच प्रकरण में 29 मार्च को सुनवाई
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में चल रही विजिलेंस जांच को लेकर हाईकोर्ट में दायर की गई पीआईएल प्रकरण में अब 29 मार्च को अगली सुनवाई होगी। इस दौरान बीयू के एक अधिकारी को व्यक्तिगत, जबकि दूसरे को काउंटर एफीडेविट देना होगा।
गौरतलब है कि बीयू के जूनियर इंजीनियर अंबरीश गौतम ने शासन से 76 बिंदुओं को लेकर शिकायत की थी। इसमें फर्जी नापजोख, सर्विस टैक्स व लेबर सेस की कटौती न करना, ठेकेदारों की सुरक्षा धनराशि की कटौती नहीं करना, फाइलों के पेज बदलकर फर्म को भुगतान करने समेत भ्रष्टाचार के तमाम आरोप लगाए थे। इस पर शासन ने विजिलेंस जांच के आदेश दे दिए थे। जनवरी 2018 में विजिलेंस जांच शुरू हुई थी। हाल ही में हाईकोर्ट में फराग उल वली ने एक पीआईएल दाखिल की है। सूत्रों ने बताया कि इसमें समय से जांच नहीं होने और बीयू द्वारा जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया गया है। इस पर कोर्ट ने बीयू से पक्ष मांगा। 15 फरवरी को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने जनहित याचिका में प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर मामले को गंभीरता से लिया है। अब प्रकरण में अगली सुनवाई 29 मार्च को बेंच करेगी। कुलसचिव रामप्रकाश का कहना है कि अभी उन्होंने कोर्ट का आदेश नहीं देखा है। इसको देखने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।