श्रेणी - क्राइम
......................................
बीच सड़क युवती ने मनचले को धुना
- स्टेशन रोड पर हुआ हंगामा, लोगों ने भी पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रेलवे स्टेशन रोड पर मनचले को युवती के साथ छेड़खानी करना महंगा पड़ गया। युवती ने साहस दिखाते हुए मनचले को पकड़ लिया। जिसकी जमकर धुनाई शुरू कर दी। यह देखकर अन्य लोगों ने भी उसे पीट दिया। पुलिस के आने से पहले वह लोगों को धक्का देकर मौके से भाग निकला।
इलाइट चौराहा से स्टेशन रोड स्थित अशोक तिराहा के पास एक युवती पैदल जा रही थी। पीछे आ रहे एक मनचले ने फब्तियां कसना शुरू कीं। पहले तो युवती ने मामले को नजरअंदाज किया, लेकिन इसके बाद भी जब युवक नहीं माना तो युवती ने उसे पकड़ लिया और धुनाई शुरू कर दी। यह देखकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद भीड़ ने भी युवक को जमकर पीटा। इसी बीच कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। मौका पाकर युवक लोगों को धक्का देकर भाग निकला। पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक की तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका।