कोरबा में मिले चोरी गए बम
जीआरपी टीम बिलासपुर रवाना
मिलेट्री की स्पेशल मालगाड़ी से हुए थे चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
मिलेट्री स्पेशल मालगाड़ी से चोरी गए चार बमों का पता लग गया है। बुधवार की रात बमों को बिलासपुर डिवीजन के कोरबा स्टेशन पर खड़ी एक मालगाड़ी से बरामद कर लिया गया। इस बात की खबर लगने पर बृहस्पतिवार को जीआरपी टीम बिलासपुर के लिए रवाना हो गई।
26-27 अगस्त की रात महाराष्ट्र के पुलगांव से पठानकोट जा रही मिलेट्री स्पेशल मालगाड़ी से सेना के चार बमों की एक पेटी बीना और झांसी स्टेशन के बीच चोरी हो गई थी। जीआरपी रिपोर्ट दर्ज करने के बाद से ही बमों की तलाश जुटी हुई थी। इधर, आरपीएफ ने भी सभी मंडलों को व्हाट्सऐप पर पेटी की तस्वीर भेजकर मामले की जानकारी दे दी थी। बुधवार की रात छत्तीसगढ़ के बिलासपुर डिवीजन के कोरबा स्टेशन पर खड़ी एक खाली मालगाड़ी के वैगन में बम की पेटी मिलने से हड़कंप मच गया। बम निरोधक दस्ते ने पहुंचकर उनकी जांच की। जांच आगे बढ़ी तो अनुमान लगाया गया कि यह वहीं पेटी तो नहीं जो झांसी से चोरी हुई थी। बिलासपुर डिवीजन की आरपीएफ ने झांसी आरपीएफ से संपर्क कर पेटी की तस्वीर भेजी तो यकीन हो गया कि वह वहीं पेटी है जो बीना और झांसी के बीच चुराई गई थी।
अनुमान लगाया जा रहा है बम चुराने के बाद जब चोरों ने उन्हें देखा होगा तो वे डर गए होंगे। चूंकि, बम उनके किसी काम के नहीं थे। इस कारण पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने बम की पेटी को खाली मालगाड़ी में रख दिया होगा। मालगाड़ी कोयला भरने छत्तीसगढ़ जा रही थी। इस कारण रास्ते में किसी ने खाली मालगाड़ी को चेक भी नहीं किया होगा। बृहस्पतिवार को जीआरपी इंस्पेक्टर गनेशी लाल वर्मा अन्य जवानों के साथ बमों को बरामद करने के लिए बिलासपुर के लिए रवाना हो गए।