झांसी। झांसी - ललितपुर राजमार्ग स्थित बीएचईएल के पास कार पलट जाने से पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। पुलिस से बनी सहमति के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव अपने साथ ले गए।
बीएचईएल चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह के अनुसार थाना नवाबाद स्थित मेडिकल कॉलेज के सामने रहने वाले राजेंद्र जैन (64) अपनी पत्नी अंजना जैन के साथ कार में सवार होकर तालबेहट को निकले। बीएचईएल के पास कार मेें आगे बैठीं अंजना को उल्टी आने लगी।
इसी बीच अचानक उन्होंने चलती गाड़ी में ही गेट खोल दिया। गेट खुलते ही अचानक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार से गिरकर मौके पर ही अंजना की मौत हो गई, जबकि राजेंद्र जैन घायल हो गए। हादसा देख ग्रामीण भी पहुंच गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।