ललितपुर जिले से चार पहिया गाड़ी बुक करने के बाद लूटकर भाग रहे बदमाशों को घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ लिया। गाड़ी का पीछा करते समय गाड़ी रक्सा स्थित टोल प्लाजा से कुछ दूरी पर ट्रक से टकराकर रुक गई। पुलिस ने बदमाशों के पास से तमंचा व अन्य सामान बरामद किया है।
एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि 21 जनवरी की रात महरौनी निवासी रानी सिंह की स्कॉपियो गाड़ी कुछ लोगों ने किराए पर ले जाने के लिए बुक की थी। गाड़ी में तीन लोग सवार होकर झांसी के लिए निकले। ललितपुर से कुछ दूरी पर तीनों ने गाड़ी रूकवाई। इसके बाद चालक को पीछे बैठाकर जमकर पीटा। उसे सिलगन चौकी के पास फेंक दिया। घायल चालक ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
खबर लगते ही ललितपुर पुलिस ने झांसी पुलिस से संपर्क साधा। खबर मिलते ही जिले की पुलिस अलर्ट हो गई। तड़के करीब साढ़े तीन बजे रक्सा प्रभारी निरीक्षक हरीश्याम सिंह व सीपरी बाजार प्रभारी निरीक्षक सभाजीत मिश्रा दलबल के साथ ललितपुर-शिवपुरी राजमार्ग नाकाबंदी कर चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच ललितपुर की ओर से एक गाड़ी शिवपुरी की तरफ तेजी के साथ जाती नजर आई। पुलिस टीम ने गाड़ी का पीछा किया। पुलिस को देखकर बदमाश तेजी के साथ भागने लगे।
इसी बीच रक्सा टोल प्लॉजा से कुछ दूरी पर सड़क के पास खड़े ट्रक से गाड़ी टकराकर रुक गई। इसी दौरान बदमाशों ने उतरकर भागने का प्रयास किया लेकिन पीछे आ रही पुलिस ने तीनों को दबोच लिया। थाने लाकर आरोपियों से पूछताछ पर पूरी घटना की जानकारी मिली। बदमाशों ने अपने नाम टीकमगढ़ के थाना कुडीला के गांव चंदेरी निवासी प्रभु राजपूत, थाना बानपुर के गांव चकोरा निवासी गिन्नी राजा और ललितपुर के थाना सौजना स्थित गांव कोरवास निवासी शंकर सिंह उर्फ दाऊ भईया बताए। एसएसपी ने पुलिस टीम को एक-एक हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।
नई गाड़ी देखकर खराब हो गई थी नीयत
रानी सिंह ने दो माह पहले ही नई गाड़ी खरीदी थी, जो किराए पर भी चलने लगी थी। कस्बे में नई गाड़ी देखकर शंकर व गिन्नी की नीयत खराब हो गई थी। दोनों ने प्रभु को बुलाकर गाड़ी लूटने की योजना बना डाली। पहले गाड़ी को चोरी करने का भी प्रयास किया था, लेकिन सफल नहीं हो सके थे।