रेल कर्मी के घर से लाखों की चोरी
झांसी। थाना प्रेमनगर इलाके में रहने वाले रेलकर्मी के मकान से बदमाश लाखों रुपये के जेवरात व रुपये लेकर भाग निकले। घर लौटे रेलकर्मी ने ताले टूटे देख व सामान नदारद देख पुलिस को सूचना दी।
हाता प्यारेलाल निवासी वीरेंद्र कुमार शर्मा रेलवे में कार्यरत हैं। वह 17 अगस्त को बच्चों से मिलने दिल्ली गए थे। मकान के सूने होने का फायदा उठाते हुए बदमाश मुख्य द्वार के ताले तोड़कर घर में घुस गए। कमरे में रखी अलमारी का भी ताला तोड़ा और यहां से ढाई लाख रुपये के जेवरात, रुपये व अन्य सामान चोरी कर भाग निकले। सोमवार की सुबह दिल्ली से वापस लौटने पर जब वह घर पहुंचे तो ताले टूटे देखे। अंदर जाकर देखा तो अलमारी से रुपये, जेवरात व अन्य सामान नदारद था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।