स्टेशन पर पकड़ा नाबालिग प्रेमी युगल
- परिजनों ने दर्ज कराया है अपहरण का मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान नाबालिग प्रेमी युगल पकड़ा गया। किशोरी के परिजनों ने कोतवाली में अपहरण का मुकदमा दर्ज करा रखा है। दोनों को आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया गया।
27 सितंबर को बाहर बड़ागांव गेट बाहर रहने वाले एक व्यक्ति ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मऊरानीपुर क्षेत्र के गांव सिजारी निवासी सुमित परिहार उनकी 14 साल की बेटी का अपहरण कर ले गया है। शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर दोनों टिकट चेकिंग कर्मचारियों के हत्थे चढ़ गए। पकड़े जाने के बाद किशोरी ने अपने भाई को सूचना दी। इस पर भाई अपने दोस्तों के साथ स्टेशन आ गया। चार-छह लड़कों के स्टेशन आने पर टिकट चेकिंग कर्मचारियों को मामला गड़बड़ लगा, तो उन्होंने सूचना देकर आरपीएफ को बुला लिया। आरपीएफ ने पूछताछ की, तो सारी बात खुलकर सामने आ गई। युवक ने बताया कि वह लड़की को लेकर हरियाणा के बल्लभगढ़ अपने दोस्त के पास चला गया था। परिजनों का फोन आने पर वे वापस घर लौट रहे थे। बाद में परिजनों को बुलाकर दोनों को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।