बदमाशों ने गोली मारकर दंपती को लूटा
झांसी। बबीना थाना क्षेत्र में शनिवार की रात को बदमाशों ने बाइक सवार दंपती को गोली मारकर लूट लिया। गोली लगने से पति घायल हो गया। इसके बाद बदमाश उसकी पत्नी को पीट कर मंगलसूत्र, मोबाइल, रुपये व अन्य सामान लूट ले गए। पुलिस ने घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। एर्फआईआर दर्ज कर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
ललितपुर के थाना पूराकलां स्थित नत्थीखेड़ा गांव निवासी देवेंद्र राजपूत (30) अपनी पत्नी गायत्री (28) के साथ थाना बबीना के कोटी गांव में रहने वाले फूफा के घर गए थे। रात को फूफा वहां कार्यक्रम से शामिल होने के बाद दोनों बाइक से खजराहा खुर्र्द स्थित ससुराल जा रहे थे। गांव से करीब दो किलोमीटर आगे ही निकले थे कि बाइक सवार दो युवकों ने ओवरटेक कर उनको रोक लिया। इससे पहले पति-पत्नी कुछ समझ पाते, तभी बाइक पर पीछे बैठेे बदमाश ने तमंचा निकालकर देवेंद्र पर तान दिया। पत्नी के जेवरात मांगने का विरोध करने पर बदमाश ने दूर से सीने में गोली मार दी, जिससे देवेंद्र घायल होकर बाइक से जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद मंगलसूत्र छीनने पर पत्नी ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसकी भी पिटाई कर दी। बदमाश उसके गले से मंगलूसत्र, दो हजार रुपये व मोबाइल लूटकर भाग गए। कुछ देर बाद पत्नी मदद के लिए चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने मदद की। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही बबीना पुलिस ने पहुंचकर देवेंद्र को मेडिकल कॉलेज भेजा। घटना की खबर मिलते ही गांव से भी लोग पहुंचे। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।