टॉप टेन अपराधियों की बनेगी नई सूची
झांसी। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कानून व्यवस्था की समीक्षा करने के बाद एसएसपी निर्देशोें को पूरा करने में जुट गए। जल्द ही जिले में टॉप टेन अपराधियों की नई सूची बनेगी। इसके लिए थानेदारों को निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी प्रत्येक सप्ताह जिले भर की कानून व्यवस्था की भी समीक्षा करेंगे।
अगले माह से जिले भर के थानोें में नई टॉप टेन अपराधियों की सूची बननी है, जिसके लिए एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि जिले में अधिकारी मेरिट के आधार पर थानेदारोें की पोस्टिंग करें, इसमें किसी का भी हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए। डायल 100 के कार्य की समीक्षा की जाए। जरूरत के हिसाब से डायल 100 के प्वाइंटों में भी बदलाव किया जा सकता है। थानेदार जनता से बेहतर संवाद बनाएं। किसी भी तरह की शिकायत न मिले। महानगर की यातायात व्यवस्था पर खासा ध्यान दिया जाए। मुख्यमंत्री से मिले निर्देशों के बाद एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ थानेदारों के पेंच कसने शुरू कर दिए हैं।
रिपोर्र्ट कार्ड को सीएम ने सराहा
बैठक में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने जिले के पेश किए गए रिपोर्ट कार्ड की सराहना की। डीजीपी ने एसएसपी डॉ. ओपी सिंह के मीडिया मैनेजमेंट के तालमेल को सराहते हुए अन्य जिलों में लागू करने की बात भी कही।