कारखाने में आग लगने से लाखों का माल जला
झांसी। कोतवाली इलाके में स्थित एक कारखाने में आग लगने से अफरा तफरी मच गई। आग पर काबू पाने से पहले गोदाम में रखा पूरा माल जलकर राख हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के दौरान किराएदारों ने छत से पड़ोसियों के घरों में कूदकर जान बचाई।
कोतवाली के सुपर कॉलोनी मेें रहमान का कारखाना है, जिसमेें भारी तादाद में झाड़ू व अन्य घरेलू सामान बनते हैं। शुक्रवार व शनिवार रात अचानक गोदाम से लोगों ने तेजी से धुआं उठते देखा। अभी लोग कुछ समझ पाते, तभी आग की तेज लपटें उठने लगीं। आनन फानन में दमकल विभाग को सूचना देकर पड़ोसी भी आग बुझाने में जुट गए, लेकिन कामयाब नहीं होे सके। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियाें ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कारखाने में रखा पूरा माल जलकर राख हो चुका था। गोदाम में लाखों रुपये का माल रखा हुआ था। वहीं, गोदाम के ऊपर कमरों में किराएदार रहते हैं। जो छतों पर सो रहे थे, आग की लपटें देखकर घबराए किराएदारों ने पड़ोसियों के घरों में कूदकर जान बचाई। बताया गया कि आग शार्ट शर्किट से लगी।
किले की झाड़ियों में लगी आग
शनिवार दोपहर वृंदावनलाल पार्क के पीछे किले की तलहटी की झाड़ियाें में भी आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया।