एसडीएम ने अवैध खनन में पकड़े तीन वाहन
- कार्रवाई से बालू माफियोें में खलबली
अमर उजाला ब्यूरो
तालबेहट। रविवार को उपजिलाधिकारी आजाद भगत सिंह ने अवैध रूप से बालू ले जाते तीन वाहनों को पकड़ कर संबंधित पुलिस थानों में खड़ा करवा दिया। एसडीएम की कार्रवाई से क्षेत्र के खनन माफियाओं में खलबली मच गई है।
क्षेत्र में व्यापक स्तर पर हो रहे अवैध खनन की जानकारी की हकीकत जानने के लिए उपजिलाधिकारी ने रविवार को विजयपुरा, पूराकलां सहित कई गांवों में जाकर छापा मारा। इस दौरान कई स्थानों पर उन्हें अवैध रूप से बालू का खनन मिला। विजयपुरा में तो कुछ गरीबों के खेतों पर बालू माफियाओं का कब्जा मिला। जिसके संबंध में उन्होंने राजस्व कर्मचारियों को रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। मौके से उन्हें माफिया वाहन लेकर भागते दिखे। इस दौरान उन्होंने तीन वाहनों को पकड़ कर उनके चालकों से उसमें भरी बालू से संबंधित कागज मांगे। जिस पर चालक मौके पर उन्हें कोई कागज नहीं दिखा सकें। जिस पर उन्होंने तीनों वाहनों को संबंधित थानों में पुलिस की निगरानी में खड़ा करवा दिया। उपजिलाधिकारी ने बताया कि जब चालकों के पास वैध एमएम ग्यारह है तो उन्हें भागने की कोई आवश्यकता नहीं है। उपजिलाधिकारी ने बताया कि कुछ लोग बाहर से एमएम 11 की बुक लाकर खनन माफियाओं को उसकी पर्ची दे रहे है। जो कानूनी रूप से गलत है। ऐसे लोगों के खिलाफ पकड़ें जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।