युवकों ने की पुलिस के साथ हाथापाई
- इलाइट चौराहा पर बाइक पकड़ने के बाद हुई घटना
- पुलिस ने हवा में लाठियां भांजकर खदेड़ा, सिर्फ शांतिभंग में चालान
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। इलाइट चौराहा पर बाइक सवार तीन सवारी रोके जाने पर हंगामा हो गया। युवकों ने रौब दिखाते हुए पुलिस के साथ हाथापाई कर दी। खबर पाकर युवकों के साथियों ने हंगामा कर दिया। जहां पुलिस ने युवकों पर हवा में लाठियां भांजकर सभी को खदेड़ा। पुलिस तीनों को पकड़कर थाने लाई। अगले दिन सुबह युवकों के साथियों ने थाने पहुंचकर हंगामा किया।
बुधवार-बृहस्पतिवार की रात इलाइट चौराहा पर थाना नवाबाद के एसआई ओमपाल सिंह अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। तभी बाइक सवार तीन युवक तेजी से आते दिखे। पुलिस ने तीनों को रोककर कागजात मांगे, जिस पर युवक पुलिस कर्मियों से उलझ गए। इसके बाद मौके पर ही हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। एक युवक ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। खबर पाकर मौके पर पहुंचे साथी भी पुलिसकर्मियों से उलझ गए और पुलिस के साथ हाथापाई कर दी। पुलिस कर्मियों ने हवा में लाठियां भांजकर युवकों को खदेड़ा। पुलिस तीनों को पकड़कर थाने ले आई। थाने में तीनों ने अपने-अपने नाम मोहनी बाबा निवासी गोलू गुप्ता, बाहर सैयर गेट निवासी अमित बाजपेई और इतवारी गंज निवासी सौरभ खटीक बताए। घटना के अगले दिन तीनों युवकों व बाइक को छुड़ाने के लिए थाने के बाहर युवकों की भीड़ लगी रही। पुलिस ने शांतिभंग में तीनों का चालान किया।
बॉक्स..
दबाव में नजर आई नवाबाद पुलिस
पूरे प्रकरण में नवाबाद पुलिस दबाव में नजर आई। पुलिस के साथ हाथापाई व हंगामे के बावजूद सिर्फ शांति भंग में चालान किया गया। कुछ नेता सुबह से ही थाने पहुंच गए और तीनों युवकों को छुड़ाने में लगे रहे। वहीं, कुछ दलाल भी सक्रिय हो गए। मामला गंभीर होने के कारण पुलिस को कार्रवाई दिखानी थी। इसीलिए दबाव में आई पुलिस को शांति भंग में ही कार्रवाई करनी पड़ी।