तमंचा अड़ाकर शिक्षिका को लूटा
सब हेड... बच्चे के साथ आए युवक ने दिया वारदात को अंजाम
- पुलिस घटना को मान रही है संदिग्ध
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
सीपरी बाजार थाना इलाके में सोमवार को एक शिक्षिका के साथ तमंचा अड़ाकर गहने लूटने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। वारदात को अंजाम देने आए युवक के साथ एक बच्चा भी था। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
सीपरी बाजार नानक गंज निवासी रेलवे वर्कशॉप में कार्यरत भावेश सिकौरिया की पत्नी पुष्पा कुशवाहा मोंठ के ग्राम धमधौली में प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक हैं। सोमवार की दोपहर स्कूल से लौटकर वह चित्रा चौराहे पर ऑटो से उतरीं। यहां से वह पैदल अपने घर की ओर जा रहीं थीं। पुल पार करते ही एक लगभग बारह साल का बच्चा उनके पास आया और ग्वालियर जाने का पता पूछने लगा। इसी दरम्यान वहां लगभग चौबीस साल का युवक भी पहुंच गया। युवक ने बताया कि इस बच्चे की मालिक ने बहुत पिटाई की है। बच्चा भूखा है, आप इसे कुछ खिलवा दीजिए। इस पर शिक्षिका बच्चे को लेकर सामने मंदिर के पास पहुंची। शिक्षिका का आरोप है कि युवक भी पीछे-पीछे पहुंच गया। सोमवार को बंदी दिवस होने की वजह से बाजार बंद था। युवक ने शिक्षिका को एक दुकान के बाहर बैठा दिया और तमंचा अड़ाकर सोने के दो कड़े, मंगलसूत्र, दो अंगूठी लूट ली। इसके बाद बच्चा और युवक दोनों शिक्षिका के साथ मेन रोड तक आए और पैदल भाग गए। शिक्षिका ने इसकी शिकायत पुलिस से की।
वहीं, सीपरी बाजार थानाध्यक्ष गगन गौड़ ने बताया कि घटना संदिग्ध है। घटना का जो स्थान बताया जा रहा है, वहां दिन में भीड़भाड़ बनी रहती है। घटना के बारे में पूछताछ करने पर कोई भी जानकारी नहीं दे पाया। इसके अलावा आसपास के सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला गया है, लेकिन इसमें घटना की पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।