जंगलों में की छानबीन, नहीं मिले बदमाश
झांसी। थाना टोड़ीफतेहपुर के रेवन गांव में सराफा कारोबारी के घर डकैती डालने वाले बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमों ने जंगलों में दिनभर छानबीन की। बदमाश पुलिस के हाथ नहीं आ सके। पुलिस इलाके के कई संदिग्ध और बदमाशों को उठाकर पूछताछ कर रही है।
शुक्रवार की रात रेवन गांव निवासी सराफा कारोबारी सुनील जोशी के घर में बदमाश घुस गए थे। सुनील और उनके पुत्र आकाश को गोली मारने के बाद बदमाश जेवरात से भरा बैग उठाकर भाग निकले थे। गंभीर हालत में दोनों को उपचार के लिए दिल्ली भेजा गया, जहां उनकी हालत में थोड़ा सुधार बताया गया है। घटना का खुलासा करने के लिए एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने स्वॉट टीम प्रभारी विजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में दो टीमें गठित की हैं। इसके अलावा लहचूरा थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव, उल्दन थानाध्यक्ष अवध नारायण पांडेय, कटेरा थानाध्यक्ष राजीव वैश्य भी अपनी टीम के साथ बदमाशों की धरपकड़ में जुटे हैं। पुलिस टीमों ने रविवार को गांव के पास जंगलों में दबिश दी। टीमें शाम तक जंगलों की खाक भी छानती रहीं लेकिन बदमाश पुलिस के हाथ नहीं आ सके। पुलिस ने टोड़ीफतेहपुर के आसपास गांवों में भी दबिश दी। पुलिस ने इलाके के सक्रिय बदमाशों की सूची खंगाली। कई बदमाशों व संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मऊरानीपुर से लेकर अन्य इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि घटना का जल्द खुलासा होगा।