ट्रक ने ऑटो में टक्कर मारी, तीन महिलाओें की मौत
झांसी। सीपरी बाजार के अंबावाय व करारी के बीच रविवार की रात करीब एक बजे तेज गति से आ रहे ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ऑटो में सवार तीन महिलाओं की मौत हो गई। जबकि छह महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। महिलाएं एक शादी समारोह में पूड़ी बेलने का काम करके घर लौट रही थीं।
सीपरी बाजार क्षेत्र के ब्रह्मनगर कॉलोनी निवासी हलवाई प्यारेलाल ने रोनीजा के पास तगा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में खाना बनाने का ठेका लिया था। शादी समारोह में आईटीआई सिद्धेश्वर नगर निवासी वंदना (50) पत्नी पप्पू रैकवार, फूलवती रायकवार (47) पत्नी भगवानदास, गनेश कुंवर (60) पत्नी जगदीश सिंह, कौशल्या (70) पुत्र भरोसे, कस्तूरी (60), आशा रैकवार (35) पत्नी खेमचंद, सावित्री रैकवार (60), मीरा रैकवार (35) पत्नी बबलू, सेठानी साहू (50) व कल्लू रैकवार (40) पुत्र लक्ष्मण पूड़ी बेलने गए थे। रात में उक्त सभी एक ऑटो में बैठकर घर लौट रहे थे। आईटीआई सिद्धेश्वर नगर में रहने वाले चालक प्रेमकिशोर ऑटो चला रहे थे। रात करीब एक बजे वह अंबावाय से करारी की तरफ बढ़ रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ऑटो डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। ऑटो पलटते ही उसमें सवार लोगों में चीख पुकार शुरू हो गई। हादसे में वंदना, फूलवती और गनेश कुंवर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाकी आठ लोग घायल हो गए। वहीं, टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया।
इधर, दुर्घटना की खबर मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहीं, हादसे की खबर जब रात दो बजे पुलिस की मदद से परिजनों को लगी तो उनमें कोहराम मच गया। सभी एक ही मुहल्ले के रहने वाले हैं, इसलिए परिवार एकत्रित होकर रात में ही मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। इस घटना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि ट्रक की तलाश के लिए रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। साथ ही टोल प्लाजा के भी कैमरे जांचे जा रहे हैं।