केमिकल से बनी शराब पकड़ी, एक गिरफ्तार
झांसी। कोतवाली पुलिस व स्वाट टीम ने सोमवार को बाहर बड़ागांव गेट मैरी गांव तिराहे के पास एक कार से 550 लीटर केमिकल से बनी शराब पकड़ी। एक आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जबकि, उसके तीन साथियों की तलाश की जा रही है। आरोपी केमिकल से शराब बनाने के बाद उनको फेंके गए क्वार्टरों में भरकर बेचने की तैयारी में थे। कार से पैकिंग मशीन, रैपर, ढक्कन भी बरामद किए गए।
कोतवाली पुलिस व स्वाट टीम को सूचना मिली थी कि एक गिरोह केमिकल की शराब बनाकर उसे पुराने खाली क्वार्टरों में भरकर बेचने का काम कर रहा है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार की सुबह करीब पौने पांच बजे बाहर बड़ागांव गेट मैरी गांव तिराहे के पास कार नंबर यूपी 94 टी 6646 से 550 लीटर केमिकल से बनी शराब पकड़ ली। सात छोटे और एक बड़े ड्रम में शराब भरी हुई थी। साथ ही 836 ढक्कन, 579 देशी शराब के विभिन्न ब्रांडों के खाली क्वार्टर, 40 नकली शराब से भरे क्वार्टर, रैपर, मोबाइल बरामद किया गया। मौके से बबीना के बड़ौरा निवासी वीरबल पाल पुत्री मिही लाल को भी पकड़ा।
पुलिस लाइन सभागार में इस मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी डॉ. ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि चार लोगों ने मिलकर यह गिरोह बना रखा था। पकड़े गए आरोपी के साथियों की तलाश की जा रही है। पूछताछ में चला कि आरोपी एक लीटर केमिकल में तीन लीटर पानी मिलाकर शराब तैयार करते थे। इसके बाद पुराने खाली क्वार्टरों में भरकर बेचते थे। इस बात का पता लगाया जा रहा है केमिकल कहां से आता था? साथ ही जिन लोगों को शराब सप्लाई होती थी, उनकी भी तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है।