खाली कराने के लिए दुकान में लगाए ताले
- पीड़ित ने एडीजी से की शिकायत, जांच के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बाहर खंडेराव गेट स्थित एक दुकान को जबरन खाली कराने के लिए मालिक ने उसके ताले तोड़ दिए और उसकी जगह अपने ताले लगा लिए। इस बात का पता लगने पर पीड़ित ने एडीजी से शिकायत की।
बुधवार को पीड़ित ने बाहर खंडेराव गेट आंतिया तालाब निवासी मनोज साहू ने परिजनों के साथ अपर पुलिस महानिदेशक से मुलाकात कर उनको प्रार्थना पत्र सौंपा। प्रार्थना पत्र में बताया कि वह घर के नजदीक ही किराए की दुकान में पाइप बेचने का काम करता है। दुकान मालिक जबरन उनसे दुकान खाली कराने का प्रयास कर रहा है। गुंडागर्दी भी कर चुका है। विगत 23 अगस्त को दुकान मालिकों के पुत्रों ने दुकान के अंदर घुसकर तोड़फोड़ भी की। पुलिस को इस बात की जानकारी दी, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। आईजीआरएस में भी शिकायत की। बुधवार की सुबह मालिक ने दुकान के ताले तोड़कर अपने ताले लगा दिए। जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इस पर एडीजी ने मामले की जांच के आदेश दिए।
उधारी तो मिली नहीं, चालान जरूर हो गया
झांसी। एडीजी को दिए प्रार्थना पत्र में सीपरी बाजार क्षेत्र के ब्रह्मनगर लहरगिर्द निवासी अजीत कौर ने बताया कि उन्होंने जजी कालोनी निवासी एक व्यक्ति को एक लाख चालीस हजार रुपये दो महीने के लिए उधार दिए थे। सौ रुपये के स्टांप पर लिखा पढ़ी हुई थी। छह महीने तक जब पैसा वापस नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। इस पर पुलिस ने उल्टा उनका शांतिभंग में चालान कर दिया। महिला ने आरोपी के खिलाफ विधि संगत कार्रवाई की मांग की।