झांसी। थाना सीपरी बाजार इलाके में रहने वाले एक रिटायर्ड दरोगा ने कार रखने के लिए पड़ोसी द्वारा घर के बाहर रखे गमले व जालियां तोड़ दीं। पेड़ उखाड़ दिए। विरोध करने पर पड़ोसियों को धमकाया। पूरा मामला घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। पड़ोसियों ने दरोगा की शिकायत अफसरों से की है।
थाना सीपरी बाजार इलाके में ललितपुर से रिटायर्ड दरोगा परिवार समेत रहते हैं। इनके पड़ोसी ने घर के बाहर पेड़ लगाए थे। पेड़ की सुरक्षा के लिए कुछ दिन पहले चारों तरफ जालियां लगा दी थीं। रिटायर्ड दरोगा ने अपनी कार रखने के लिए पेड़ और जालियां हटाने के लिए पड़ोसी से कहा। मना करने पर दरोगा ने पेड़ उखाड़ने के साथ ही जालियां तोड़ दीं। गमले भी तोड़ दिए। विरोध करने पर गाली गलौज कर धमकी भी दी। पूरा मामला घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। दरोगा की दबंगी से पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है।