झांसी। सीपरी बाजार थाना इलाके के थॉमसन कंपाउंड में बीती रात तीन चोर एक क्रशर संचालक के घर का ताला तोड़ अंदर दाखिल हो गए। महज चौदह मिनट के भीतर लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम देकर इत्मीनान से बाहर आ गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
थॉमसन कंपाउंड निवासी मलखान राय ओरछा तिगैला स्थित गणेश स्टोन क्रशर के संचालक हैं। वहां उनका एक फार्म हाउस भी है, जहां वे परिवार के साथ गए हुए थे। जबकि, थॉमसन कंपाउंड में स्थित उनका घर सूना पड़ा हुआ था। इसी का फायदा उठाते हुए बुधवार - बृहस्पतिवार की मध्य रात तीन चोर उनके घर में दाखिल हो गए। घर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर वे भीतर प्रवेश कर गए। रात 1.37 बजे से 1.51 के बीच उन्होंने घटना को अंजाम दिया। वे अपने साथ पांच लाख रुपये नकद, पांच तोले का सोने का हार तथा एक लैपटॉप ले गए। कारोबारी को इसकी जानकारी सुबह घर आने पर हुई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी कैमरे में तकरीबन 20-22 साल की आयु के तीन युवक नजर आ रहे हैं, जो चेहरे पर मास्क लगाए हुए हैं।