झांसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि प्रदेश के सभी जनपदों में कोरोना वायरस के इलाज से संबंधित उपकरणों की खरीद में घोटाले हुए हैं। व्यवस्थायें लचर हैं। मरीजों के वीडियो फुटेज जो वायरल हो रहे हैं वह चिकित्सकीय सुविधाओं की कमी होना बताते हैं। उन्होंने फिल्म अभिनेत्री कंगना रानौत के मामले में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।
महानगर के ऐतिहासिक रानीमहल पर बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेसियों ने कैंडल प्रज्जवलित किए। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उपकरणों की खरीद रेटों में भारी अंतर है। सरकार सिर्फ छोटे - मोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर रही है। प्रदेश में किसी की भी जान की कीमत नहीं है। अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और जंगलराज कायम हो गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सभी सरकारी विभागों में नौकरी निकाली गई हैं, लेकिन वह कोर्ट के हवाले कर दी गई हैं। नौजवान बेरोजगार हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता सरकार की धमकी से नहीं डरेगा। इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, शहर अध्यक्ष अरविंद वशिष्ठ, राहुल रिछारिया, राजेंद्र यादव, राहुल राय, राजेंद्र शर्मा, चंद्रशेखर तिवारी, मनीराम कुशवाहा आदि मौजूद रहे।
सोशल डिस्टेंसिंग बनाने में आया पसीना
रानी महल पर कैंडल प्रज्ज्वलित करने के दौरान कांग्रेसियों को सोशल डिस्टेंसिंग बनाने में व्यापक रूप से जद्दोजहद करनी पड़ी। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष को भी कार्यकर्ताओं से सोशल डिस्टेंसिंग बनाने को कहना पड़ा।
अनुदेशकों ने जलाए कैंडिल, टार्च
झांसी। शिक्षा विभाग में कार्यरत अनुदेशकोें ने रात 9 बजकर नौ मिनट पर मोमबत्तियां, टार्च और मोबाइल फ्लैश जलाए। अनुदेशकों ने मांग की, कि उनको मानदेय 17000 रुपये दिया जाए। उन्हें नियमित किया जाए। पूर्व माध्यमिक अनुदेशक कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष प्रशांत पांडेय ने बताया कि वर्ष 2013 से पूर्व माध्यमिक विद्यालय में तैनात अनुदेशक बहुत ही कम सात हजार रुपये के मानदेय पर कार्य कर रहे है। जबकि केंद्र सरकार ने 17 हजार रुपये कई साल पहले ही पास कर दिया था। उन्होंने कहा कि अनुदेशकों को मेडिकल कवर और चिकित्सीय सुविधा दी जाए।
बेरोजगारी के मुद्दे पर जलाई मोमबत्ती
झांसी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर समाजवादी छात्रसभा के पूर्व प्रदेश महासचिव स्वदेश यादव और उत्कर्ष यादव ने बुधवार को बेरोजगारी के मुद्दे पर रात नौ बजकर नौ मिनट पर मोमबत्ती जलाई। उन्होंने कहा कि इस समय बेरोजगारी से युवा परेशान हैं।