समीक्षा करते मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा, साथ में डीएम आंद्रा वामसी।
- फोटो : REPORTERS
झांसी। आयुक्त सभागार में कोविड-19 के संबंध में बैठक आयोजित की गई। जिसमें मंडलायुक्त सुभाषचंद्र शर्मा ने सभी डॉक्टरों से होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों की नियमित जानकारी करने एवं अस्पताल में भर्ती कोरोना के गंभीर मरीजों की लगातार मॉनीटरिंग करने की बात कही।
मंडलायुक्त ने कहा कि होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों से लगातार संवाद स्थापित किया जाए। उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां नियमित रूप से दिन में दो बार ली जाएं। उन्होंने डॉक्टरों से लगातार वार्ड में राउंड लेने के निर्देश देते हुए कहा कि गंभीर रोग से ग्रस्त मरीजों से जरूर बातचीत की जाए।
मंडलायुक्त ने कहा कि आईसीएमआर की गाइडलाइन का सभी गंभीरता से अध्ययन करते हुए उसका अनुपालन कराएं। इसके अलावा उन्होंने मंडल के सभी जिला अस्पतालों में ओपीडी संचालित करने के निर्देश दिए। कहा कि ललितपुर में भी ओपीडी चालू की जाए। कोविड-19 की समीक्षा बैठक में डीएम आंद्रा वामसी ने बताया कि लगभग 1.25 लाख टेस्ट किए जा चुके हैं। 138 होम आइसोलेशन में हैं। होम आइसोलेशन वाले मरीजों से लगातार आईसीसीसी के माध्यम से बात की जाती है और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली जा रही है। इस मौके पर सीडीओ शैलेश कुमार, नगर आयुक्त अवनीश कुमार राय, अपर आयुक्त आरपी मिश्रा, एडी हेल्थ वीके सिन्हा, डॉ. एनएस सेंगर मौजूद रहे।