झांसी। शहर के एक मोहल्ला निवासी एक युवक द्वारा अंतर जातीय विवाह करने पर थाना प्रेेमनगर क्षेत्र में पंचायत बुलाए जाने का मामला सामने आने बाद पुलिस ने प्रेमी जोड़े को सुरक्षा प्रदान की है। साथ ही पंचायत बुलाकर पांच लाख रुपये मांगने वाले व्यक्ति पर भी एफआईआर दर्ज की है। शनिवार को भी पुलिस दिन भर मामले में निगाह रखे रही।
महानगर के एक मुहल्ले में रहने वाले भूपेश का विवाह 30 जून 2015 को शहर के ही एक मुहल्ला निवासी युवती से हुआ था। दोनों ही अलग-अलग बिरादरी के हैं। दोनों ने प्रेम किया विवाह था। विवाह के बाद से ही समाज के लोगों ने पंचायत करके उनके पूरे परिवार का बहिष्कार कर दिया था। इसको लेकर पंचायत का दौर भी शुरू हो गया था। भूपेश के पिता ने पंचों से भी गुहार लगाई थी। पंचायत ने दो माह का समय देते हुए फैसला सुनाया था कि भूपेश की पत्नी को गोमूत्र व गोबर का सेवन करना पड़ेगा। इतना ही नहीं, पांच लाख रुपये दंड भी अदा करना होगा। इसके लिए दो माह का समय दिया गया था। शुक्रवार को इस मामले में पंचायत होना थी। पंचायत होने से पहले पुलिस पहुंच गई थी। जिस कारण पंचायत नहीं हो सकी थी। भूपेेश की तहरीर पर प्रेमनगर पुलिस ने पंचायत बुलाकर पांच लाख रुपये मांगने, रुपये न देने पर समाज में शामिल न करने व गाली गलौज किए जाने के मामले में हंसारी के ग्वालटोली निवासी जल्लू माते पर एफआईआर दर्ज की है। एसएसपी डी प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रेमी जोडे़ को पुलिस सुरक्षा भी प्रदान की गई है। पुलिस मामले की जांच भी कर रही है।