झांसी। महानगर क्षेत्र के कारोबारी संजय वर्मा पर प्राणघातक हमले के मामले में आरोपी सचिन गुप्ता उर्फ सोनू गेड़ा को परिजनों ने फर्जी फंसाए जाने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि भोपाल से पुत्र की गिरफ्तारी कर पुलिस ने झांसी से दिखा दी।
थाना कोतवाली के चतुरयाना मोहल्ला निवासी हरीशरण गेड़ा ने मुख्यमंत्री, डीजीपी समेत अन्य अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि 21 जुलाई 2017 को कारोबारी संजय वर्मा की गाड़ी पर कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी थी। इस हमले में एक सुरक्षाकर्मी की मौत होने के साथ संजय वर्मा समेत कई लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने कई लोगों पर एफआईआर दर्ज की थी। परिजनों का आरोप है कि इस मामले में सोनू गेड़ा को रंजिशन फर्जी फंसा दिया था। मामले की जांच सीबीसीआईडी भी कर रही है, जो जारी है। ऐसे में पुलिस ने सोनू गेड़ा को भोपाल से गिरफ्तार करने के बाद झांसी से गिरफ्तारी दिखा दी। परिजनों ने बताया कि सोनू को अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने जमानत भी दे दी। परिजनों ने अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।