झांसी। घरों से कूड़ा उठाने की एवज में बढ़े तीन गुना यूजर चार्ज के खिलाफ भाजपा पार्षदों ने भी मोर्चा खोल दिया। बुधवार को उपसभापति सुनील नैनवानी की अगुवाई में भाजपा पार्षद ने नगर आयुक्त अवनीश राय से मिले और बढ़ोत्तरी पर नाराजगी जताई। पार्षदों ने महापौर रामतीर्थ सिंघल से इस पर फैसला करने के लिए सदन की बैठक भी जल्द बुलाने की मांग की है। भाजपा पाषर्द मुकेश सोनी ने कहा, यूजर चार्ज 40 रुपए से बढ़ाकर 125 रुपये किए जाने से आम लोगों में रोष है। कूड़ा कलेक्शन की दर एरिया वार्ड का सर्वे कराकर निश्चित किया जाए। उनका कहना है कि पहले चालीस रुपये भी लोग नहीं दे रहे थे। ऐसे में 125 रुपये लगाना उचित नहीं है। पार्षद अमन राय, पुष्पेंद्र वर्मा, गोविंद शर्मा, जितेंद्र सिंह, संजय, अरविंद कुमार बबलू समेत अन्य पार्षदों ने महापौर से तत्काल इस संबंध में निगम सदन की बैठक बुलाने की मांग की है। पार्षदों का कहना है कि यूजर चार्ज सदन के माध्यम से ही तय कराए जाएं।
हर महीने कंपनी वसूलेगी 1.78 करोड़
घरों से कूड़ा उठाने के एवज में कंपनी हर माह कुल करीब 1.78 करोड़ रुपये वसूल करेगी। कंपनी की ओर से जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है उसके मुताबिक कुल 1.10 लाख घरों से 125 रुपये प्रति माह की दर से कुल 1.37 करोड़ रुपये की वसूली होगी। इसी तरह 8 हजार व्यवसायिक भवनों से 240 रुपये प्रति माह की दर से कुल 19.20 लाख लिए जाएंगे। 2000 रेस्टारेंट, होटल, शादी विवाह घरों से 900 रुपये प्रति माह लिए जाएंगे। इनसे कुल 18 लाख रुपये मिलेंगे। इसी तरह बड़ी मात्रा में कूड़ा उत्सर्जित करने वाले 150 केंद्रों से 2400 रुपये प्रति माह लिए जाएंगे। इस तरह एक माह में कुल 17830000 रुपये की वसूली होगी। कंपनी के आकड़ों के मुताबिक एक वर्ष में 21.39 करोड़ रुपये की कुल वसूली होगी।
आज से शुरू होगा कूड़ा उठान
पहले चरण में तेरह वार्डों से घरों से कूड़ा उठाने का काम 15 जुलाई से नई कंपनी एयरो आरंभ करने जा रही है। कंपनी को स्मार्ट सिटी के एबीडी वाले इलाकों से यह काम शुरू करने को कहा गया है। मसीहागंज, आजादगंज, नानकगंज, सीपी मिशन, सिविल लाइंस पश्चिमी, सिविल लाइंस उत्तरी, मुकरयाना, सिविल लाइंस दक्षिणी, सिविल लाइंस प्रथम, खुशीपुरा प्रथम, खुशीपुरा द्वितीय, तालपुरा प्रथम, तालपुरा द्वितीय वार्ड शामिल है। कंपनी ने इन इलाकों में स्कैनर लगाए हैं।