झांसी। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गुसाईं पुरा बड़ा मठ स्थित एक मकान में रखी रूई में आग लगने से हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग से घर में रखे तीन सिलेंडर भी फट गए, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। लोगों ने जान जोखिम में डालकर मकान में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया।
बड़ा मठ में वफातन पत्नी अब्दुल सत्तार का दो मंजिला मकान है जिसमें उसके दो पुत्र यूनुस और इदरीश अपने परिवार समेत रहते हैं। दोनों भाई रजाई-गद्दे बनाकर बेचने का काम करते हैं। सर्दी का मौसम शुरू होने की वजह से रजाई-गद्दों की बिक्री और रूई भरवाने का काम शुरू हो गया है। इस वजह से उन्होंने थोक में रूई खरीदकर घर में रख रखी थी। कई रजाई-गद्दे बने-बनाए भी रखे हुए थे।
शनिवार की देर शाम दोनों के बच्चे अन्नो (16), हीरू (11), हुमा (15), नैन (16), जुम्मू (10) व अयान (15) घर की दूसरी मंजिल पर थे। यूनुस की पत्नी शबाना और इदरीश की पत्नी सितारा घर के बाहर मैदान में रजाई-गद्दों में धागे डाल रही थीं। एकाएक उन्हें जलने की दुर्गंध आई। काम करते समय जैसे ही दोनों ने मुड़कर अपने घर की तरफ देखा तो तेजी से धुआं उठते देख होश उड़ गए।
उनके शोर मचाने पर जब तक आसपास के लोग पहुंचते तब तक लपटें उठने लगीं। यह देख कर महिलाओं ने चीखपुकार कर बताया कि बच्चे मकान में फंसे हुए हैं, इससे लोगों के होश उड़ गए। इस बीच पहुंचे सिविल डिफेंस नागरिक सुरक्षा संगठन के लोगों ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से मकान की छत पर पहुंचकर फंसे बच्चों को एक-एक करके सुरक्षित निकाला।
जैसे ही लोग बच्चों को निकालकर सड़क पर आए वैसे ही मकान के अंदर रखे तीन सिलेंडर एक-एक करके फट गए, जिससे आग और विकराल हो गई। विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास घनी बस्ती, मानिक चौक, दयासागर कंपाउंड, बड़ा मठ के बाजार में हड़कंप मच गया। मकान से लोग सुरक्षित बाहर की तरफ भागे। दुकानदार दुकानों से बाहर की तरफ भागने लगे। इससे क्षेत्र में हड़कंप के साथ भगदड़ सी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों का आवागमन रोका। इसके बाद दमकल कर्मियों ने आग बुझाना शुरू किया।
बेबस होकर देखते रहे बर्बादी
आग ने यूनुस और इदरीश के दिन रात हाड़ तोड़ मेहनत करके जुटाए गृहस्थी के सारे सामान को राख कर दिया। पूरा परिवार बेबस होकर आंखों के सामने सारा सामान नष्ट होते देखता रहा। पछाड़ें मारकर बिलखती महिलाओं ने बताया कि अब उनके सामने जीवन यापन का भी संकट पैदा हो गया है।
बैंक शाखा के बिजली के तार टूटे
आग के भीषण होने का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि यूनुस व इदरीश के मकान के पीछे की दीवार से सटी बैंक आफ इंडिया की शाखा की दीवार पर लगे बिजली के तार गर्माहट से टूट गए। यह जानकारी आग लगने की सूचना पर आए बैंक कर्मी ने दी।