झांसी। ग्रामीण इलाकों में संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए जनपद की सभी ग्राम निगरानी समिति एवं मोहल्ला निगरानी समितियों को फिर से सक्रिय किया गया है। ग्रामीण इलाकों में कुल 496 समितियां गठित हुई जबकि शहरी इलाके में 60 समितियां बनाई गई हैं।
मुख्य विकास अधिकारी शैलेष कुमार ने ब्लॉकवार इनकी निगरानी शुरू कर दी है। शुक्रवार को चिरगांव ब्लॉक के बरल गांव पहुंचकर सीडीओ ने निगरानी समिति सदस्यों के कार्यों को देखने के अलावा उनके साथ बैठक की। उन्होंने कहा ग्रामीण इलाकों में एंटीजन टेस्टिंग की रफ्तार बढ़ाई गई है। लक्षण वाले मरीज मिलने पर उनकी टेस्टिंग कराई जाए। मरीजों को तत्काल मेडिकल किट मुहैया कराकर उसके इस्तेमाल का तरीका समझाया जाए। कोविड से बचाव के तरीकों का प्रचार-प्रसार किया जाए। निगरानी समिति नवनिर्वाचित प्रधान की अगुवाई में काम करेगी। उन्होंने ग्राम पंचायत अधिकारी, लेखपाल, आशा, आंगनबाड़ी, एएनएम, रोजगार सेवक, कोटेदारों को सक्रियता के साथ काम करने के निर्देश दिए। इस दौरान खंड विकास अधिकारी अमित प्रताप सिंह, एडीओ पंचायत जितेंद्र मकराड़िया, सचिव युवराज सिंह समेत अन्य उपस्थित रहे।