तीन घंटे में आएगी कोरोना जांच रिपोर्ट
- फोटो : अमर उजाला
झांसी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में अब कोरोना वायरस की जांच रिपोर्ट तीन घंटे में आएगी। हालांकि, सिर्फ इमरजेंसी मामलों की ही जांच इस मशीन से की जाएगी। इसके लिए शासन ने कॉलेज को तीन ट्रू नेट मशीनें उपलब्ध करा दी हैं।
मेडिकल कॉलेज में पीसीआर मशीन से कोरोना वायरस की जांच करने पर 8 से 10 घंटे बाद रिपोर्ट आती है। कई बार आकस्मिक उपचार वाले मरीजों का भी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सही से इलाज शुरू हो पाता है। ऐसे में मरीजों की जांच जोखिम में पड़ी रहती है।
खासकर गर्भवती महिलाओं के प्रसव कराने में काफी दिक्कतें आती हैं। हालांकि, अब यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी, क्योंकि शासन ने मेडिकल कॉलेज को तीन ट्रू नेट मशीनें उपलब्ध करा दी हैं।
मेडिकल कॉलेज के उप प्रधानाचार्य डॉ. एनएस सेंगर ने बताया कि ट्रू नेट मशीन से तीन घंटे में कोरोना की जांच रिपोर्ट आ जाएगी। इमरजेंसी केसों में ही इस मशीन से जांच होगी। ट्रू नेट में एक बार में एक सैंपल की ही जांच हो पाती है।
अभी कम किट मिलीं
शासन से ट्रू नेट मशीनें तो उपलब्ध करा दी गई हैं, लेकिन 600 जांच किट ही उपलब्ध कराई गई है, जो कि काफी कम है। चूंकि, इस समय ज्यादातर मरीजों का आवागमन मेडिकल कॉलेज में ही हो रहा है, इसलिए और अधिक किट की जरूरत है। अगर किट नहीं मिल पाती हैं तो, मशीनें रखी रहेंगी और जांच नहीं हो सकेगी।
पॉजिटिव रिपोर्ट पर फिर होती है जांच
डॉक्टरों ने बताया कि ट्रू नेट मशीन में जब रिपोर्ट निगेटिव आती है तो उसकी दोबारा जांच नहीं की जाती। वहीं, जब रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो एक बार पीसीआर मशीन से फिर से जांच की जाती है।