corona positive woman report negitive
झांसी। जनपदवासियों के लिए राहत भरी खबर है। जिले में पहली कोरोना पॉजिटिव मिली महिला की दूसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। महिला की एक और जांच कराई जाएगी। यदि तीसरी जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आ जाती है तो महिला को मेडिकल कॉलेज से होम क्वारंटीन कर दिया जाएगा। जल्द ही उसके बेटे और जेठ का भी सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा।
27 अप्रैल को जिले में कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया था। ओरछा गेट अंदर निवासी 59 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव मिली थी। महिला की कांटेक्ट ट्रेसिंग करने के बाद परिजनों की जांच कराई गई तो बेटा और जेठ भी कोरोना पॉजिटिव मिला। इसके बाद ओरछा गेट अंदर निवासी पांच नए मरीज सामने आए। एकदम से कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर नौ पहुंच गई। मरीजों की लगातार संख्या बढ़ने से शहर भर में डर का माहौल हो गया था। इसी बीच रविवार को एक राहत भरी खबर आई है। कोरोना पॉजिटिव पहली महिला की जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। हालांकि, अभी महिला को अस्पताल से डिस्चार्ज नहीं किया जाएगा। महिला का एक बार और सैंपल लिया जाएगा। यदि महिला का दूसरा सैंपल भी निगेटिव आ जाता है तो उसे आइसोलेशन वार्ड से डिस्चार्ज कर घर पर क्वारंटीन कर दिया जाएगा। अब एक-दो दिन में जेठ और महिला के बेटे का भी सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जा सकता है।