कोरोना किट खरीद घोटाले में नया खुलासा हुआ है। प्रदेश में झांसी में इस किट के लिए सबसे अधिक दाम चुकाए गए। जबकि, ललितपुर, जालौन जैसे पड़ोस के जनपदों में यहां से करीब आधी कीमत में ही इन उपकरणों की खरीद हुई। इस सूची के सामने आने के बाद अब झांसी में घोटालेबाजों तक एसआईटी का शिकंजा कसना तय माना जा रहा है।
कोरोना नियंत्रण के लिए सरकार ने प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर कोविड किट खरीद के लिए निर्देश दिए थे। झांसी की ग्राम पंचायतों के लिए कुल 479 ऑक्सीमीटर एवं 479 इंफ्रारेड थर्मामीटर खरीदे गए। ऑक्सीमीटर की कीमत 3349 से 3990 रुपये तक रही, जबकि बाजार में ब्रांडेड ऑक्सीमीटर दो हजार रुपये कीमत पर आसानी से उपलब्ध हैं।
इसी तरह यहां इंफ्रोरेड थर्मामीटर 4500 रुपये कीमत तक पर खरीदा गया, जबकि जबकि पड़ोसी जनपद ललितपुर में यह महज 1550 से 2966 रुपये के बीच खरीदे गए। यहां तक कि सूबे के मेट्रो सिटी में भी यह उपकरण झांसी से कम कीमत पर ही खरीदे गए हैं, हालांकि अफसर सफाई दे रहे हैं कि इनका अभी तक भुगतान नहीं किया गया लेकिन, यह भुगतान तब रोका गया था जब घोटाले पर से पर्दा उठ गया।
प्रमुख शहरों में खरीदे गए उपकरणों की मूल्य सूची
अधिकतम मूल्य के मुताबिक
शहर ऑक्सीमीटर इंफ्रारेड थर्मामीटर
झांसी 3990 4500
ललितपुर 2250 1829
जालौन 2000 3000
आगरा 1288 1552
अलीगढ़ 1250 1550
प्रयागराज 1160 1580
बरेली 925 1800
बांदा 1200 1600
लखनऊ 1700 2250
वाराणसी 2250 1150
कानपुर 900 1900
गोरखपुर 1352 1700