कोरोना की दूसरी लहर में डेढ़ सौ से ज्यादा बच्चे हुए संक्रमित
झांसी। कोरोना की दूसरी लहर में इस बार डेेढ़ सौ से ज्यादा बच्चे संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। इसमें 20 नवजात भी शामिल हैं। एक बच्चे ने संक्रमण के चलते दम भी तोड़ दिया। बाकी, सभी अस्पताल से स्वस्थ होकर डिस्चार्ज भी हो गए।
झांसी में कोरोना का पहला मामला पिछले साल 27 अप्रैल को सामने आया था, तब से अब तक 117 बच्चे महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती हो चुके हैं। इसमें 24 बच्चे कोरोना की पहली लहर में मिले थे। जब से कोरोना की दूसरी लहर शुरू हुई है, तब से अब तक 93 बच्चे मेडिकल कॉलेज में भर्ती हो चुके हैं। वहीं, 60 से ज्यादा बच्चों का इलाज निजी अस्पतालों में हुआ है। संक्रमितों में 20 नवजात भी शामिल हैं। हालांकि, राहत की बात ये है कि सिर्फ एक बच्चे की ही जान महामारी में गई है। बाकी, सभी स्वस्थ होकर अस्पताल से घर पहुंच गए। हालांकि, कुछ बच्चों की हालत गंभीर भी हो गई थी, जिन्हें आईसीयू में रखना पड़ा। लंबा इलाज जरूर चला मगर धीरे-धीरे सेहत में सुधार होने लगा।
वर्जन..
कोरोना की पहली लहर से अब तक 117 बच्चे मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुए हैं। इनमें 93 बच्चे एक अप्रैल से अब तक भर्ती किए गए। इनमें पंद्रह नवजात भी शामिल हैं। सिर्फ एक बच्चे की कोरोना से मौत हुई। बाकी, सभी स्वस्थ हो गए। - डॉ. ओमशंकर चौरसिया, बाल रोग विभागाध्यक्ष, मेडिकल कॉलेज।