झांसी। जिले में कोरोना के 1564 मरीज घर पर रहकर ही इस महामारी की जकड़न से आजाद हो गए। इनमें से 10 को रविवार को होम आइसोलेशन पूरा होने के बाद डिस्चार्ज किया गया।
जिले में कोरोना का पहला मामला 27 अप्रैल को सामने आया था। एक 59 वर्षीय महिला में इस महामारी का संक्रमण पाया गया था। तब से लेकर अब तक 9802 लोगों में इस महामारी की जकड़न पाई जा चुकी है। हालांकि, इनमें से 9437 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। डिस्चार्ज होने वाले इन मरीजों से 1564 ऐसे हैं, जिन्होंने होम आइसोलेशन की सुविधा का लाभ लिया था और ये घर पर रहकर ही स्वस्थ हो गए। इनमें से दस मरीजों का रविवार को होम आइसोलेशन पूरा हुआ।
35 नए मरीज सामने आए
झांसी। कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार को कोरोना के 2593 नमूनों की जांच हुई और इनमें से 35 इस महामारी से संक्रमित पाए गए। ये नए मरीज आवास विकास कॉलोनी, सिविल लाइन, खातीबाबा, अंसल पाम कोर्ट, बरुआसागर, हंसारी, रक्सा, कोंछाभांवर, डढ़ियापुरा, मेरी, गोकुल पुरी, हरदौल मंदिर के पास, मसीहागंज, दिलदार नगर, दीनदयाल नगर, शिवाजी नगर, पुलिस लाइन, खंडेराव गेट बाहर, मिशन कंपाउंड, बाहर ओरछा गेट, रॉयल सिटी आदि क्षेत्रों से सामने आए हैं। वर्तमान में जिले में कोरोना के 193 सक्रिय संक्रमित मरीज हैं। इनमें से 28 को छोड़ बाकी सभी सूक्ष्म या बगैर लक्षण वाले रोगी हैं। जिले का रिकवरी रेट 96.27 प्रतिशत हैं। जबकि, अब तक 172 संक्रमितों की मौत भी हो चुकी है।