झांसी। जिले के बिजली विभाग पर कोरोना का हमला हुआ है। स्थिति यह है कि जिले भर में तीस से अधिक कर्मचारियों को संक्रमण हो गया है। इस कारण विभागीय अफसर सकते में हैं। कर्मचारियों की कमी हो जाने के कारण केवल जरूरी सेवाओं पर ही ध्यान दिया जा रहा है।
कोरोना संक्रमण की रफ्तार दिनों दिन बढ़ती जा रही है। सबसे अधिक असर बिजली विभाग पर पड़ा है। जिले भर में करीब तीस अधिकारी और कर्मचारी संक्रमित हो गए हैं। इस कारण विभाग के काम काज पर असर पड़ा है। इनमें से एक अधिशासी अभियंता समेत अधीनस्थ कर्मचारी संक्रमित हैं। उधर, कोरोना का संक्रमण बढ़ने के कारण मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। दोनो स्थानों पर बिजली न गड़बड़ाए, इस पर ध्यान दिया जा रहा है। यहां की बिजली चौबीस घंटे सप्लाई की जा रही है और इस पर नजर भी रखी जा रही है। इसके अलावा बिजौली और गोरामछिया स्थित आक्सीजन प्लांटों को दी जाने वाली बिजली भी चौबीस घंटे निर्बाध रूप से आ रही है, ताकि कोई बाधा न आए। इसके अलावा अर्जेंट काम ही किए जा रहे हैं। बिजली सबस्टेशनों पर कर्मचारियों की कमी है। लेकिन, विभागीय अमला इसे चुनौती मानकर काम में डटा हुआ है। इतना ही नहीं, केवल ऑनलाइन बिलिंग हो रही है। जो भी ऑनलाइन बिल जमा करना चाह रहे हैं, केवल उन्हीं का पैसा जमा हो रहा है। बिजली का कोई कनेक्शन भी नहीं काटा जा रहा है।
बिजली के कनेक्शन काटे नहीं जा रहे हैं। केवल जरूरी सेवाओं पर फोकस किया जा रहा है। कोरोना के कारण बिजली विभाग मेें तीस से अधिक कर्मचारी संक्रमित हैं।
- अनुभव कुमार
अधिशासी अभियंता