झांसी। कोरोना के बढ़ते मामलों से भी बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुछ शिक्षक सबक लेने को तैयार नहीं हैं। मंगलवार को परीक्षा भवन में बीए, बीकॉम की ऑफलाइन कक्षाएं बुलाई गईं। जबकि, विश्वविद्यालय प्रशासन ने दस अप्रैल तक ऑनलाइन क्लास का आदेश जारी कर रखा है।
कोरोना के केस झांसी में काफी तेजी से बढ़ने लग गए हैं। बीआईईटी में एक के बाद 11 लोग संक्रमित हो चुके हैं। जबकि, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में भी एक शिक्षक संक्रमित निकल आया है। हालातों को मद्देनजर रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने दस अप्रैल तक सभी कक्षाएं ऑनलाइन संचालित करने का आदेश जारी कर दिया था। ऐसे में अधिकतर विभागों में ऑनलाइन पढ़ाई ही कराई जा रही है मगर मंगलवार को विश्वविद्यालय के परीक्षा भवन में बीए, बीकॉम के छात्र-छात्राओं को ऑफलाइन ही पढ़ाया गया। कक्षाओं में 120 से 180 छात्र-छात्राओं के बैठने की व्यवस्था होने के बावजूद एक ही सीट पर दो विद्यार्थियों को अगल-बगल बैठाया गया। वहीं, कुछ विद्यार्थी तो बिना मास्क पहने भी बैठे रहे। वहीं, इस मामले में कुलपति प्रो. जेवी वैशम्पायन का कहना है कि विभाग प्रमुख ने कोविड प्रोटोकॉल का पूरा पालन कराने का हवाला देते हुए दो-तीन दिन कक्षाओं के संचालन की अनुमति मांगी थी। वह इस संबंध में बुधवार को पूछताछ करेंगे।