झांसी। दीनदयाल सभागार में कोरोना को लेकर हुए विशेषज्ञों के व्याख्यान में मेडिकल कॉलेज के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अरविंद कनकने ने बताया कि कोरोना सिर्फ सांस की बीमारी नहीं है। ये शरीर के सभी अंगों पर असर डालता है। कोविड ने 30 फीसदी रोगियों के नर्वस सिस्टम को भी प्रभावित किया है। इस कारण कई रोगियों के हाथ-पैरों में सुन्नपन, गुस्सा, बेहोशी, दौरे आना और आत्महत्या की प्रवृत्ति जागृत होने के मामले सामने आए हैं।
शनिवार को शाम पांच बजे से शुरू हुए व्याख्यान में डॉ. कनकने ने कोविड से ब्रेन पर पड़ने वाले असर को लेकर अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोरोना ने फेफड़ों के बाद सबसे ज्यादा शरीर के किसी अंग को प्रभावित किया है तो वो है नर्वस सिस्टम। कहा कि दिमाग के अंदर सांस को नियंत्रित करने वाले केंद्र होते हैं। कोविड इन पर असर डालता है। इस कारण सांस लेने में भी तकलीफ हो जाती है और ऑक्सीजन लेवल गिरने लगता है।वहीं, यूरोलॉजिस्ट डॉ. मनीष जैन ने बताया कि यूरोलॉजी से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यूरोलॉजी में कौन सी इमरजेंसी सर्जरी करनी चाहिए।