संवाद न्यूज एजेंसी
बरुआसागर। मुस्लिम समाज के अध्यक्ष द्वारा ईदगाह में फिल्मी शूटिंग की अनुमति देने के विरोध में कमेटी के लोगों द्वारा वर्तमान सदर इस्लाम मंसूरी को पद से हटाने का दावा किया गया है। वहीं, सदर पक्ष के लोगों का कहना है कि कमेटी को निर्वाचित सदर को हटाने का अधिकार नहीं है।
अंजुमन इस्लामिया कमेटी ने एक बैठक कर आरोप लगाया कि कमेटी के सदर /अध्यक्ष इस्लाम मंसूरी ने ईदगाह में फिल्म की शूटिंग की अनुमति बिना कमेटी को विश्वास में लिए दी। इसलिए कमेटी ने अविश्वास प्रस्ताव के माध्यम से उन्हें पद से हटा दिया है। बैठक में अंजुमन कमेटी से गुलाम, मु इफ़राज, जाहिद अली, मु. इसराइल, जुबेर अली, इम्तियाज मौजूद रहे।
वहीं, इस संबंध में कमेटी के सदर इस्लाम मंसूरी का कहना कि समाज के कुछ लोग चाहते हैं कि मुस्लिम समाज के अध्यक्ष को चुनने की प्रक्रिया में बदलाव किया जाए। समाज के सदर का चुनाव वोटिंग से न होकर कुछ लोगों द्वारा कर लिया जाए। उन्होंने पत्र के माध्यम से कहा कि मैं ईदगाह में शूटिंग के मामले में गलती स्वीकार करता हूं। इससे अगर किसी की भावना आहत हुई है तो माफी मांगता हूं।
कमेटी के संरक्षक अब्दुल मुख्तार सिद्दीकी का कहना है कि वर्तमान सदर वोटिंग प्रकिया से निर्वाचित हैं। कमेटी को हटाने का कोई अधिकार नहीं है। वर्तमान सदर का कार्यकाल तीन वर्ष पूर्व समाप्त हो गया था। जब तक निर्धारित प्रक्रिया से समाज के चुनाव नहीं होते हैं, वह सदर के रूप में कार्य करते रहेंगे।