संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। बेतवा नदी खिरिया घाट पर राज्य सेतु निगम द्वारा किए जा रहे पुल के निर्माण के कार्य का गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत और मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की गई।कमिश्नर ने निर्देश दिए कि पुल निर्माण तय अवधि में पूर्ण किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को जल्द राहत मिल सके।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि यह पुल क्षेत्र की जीवनरेखा साबित होगा। पुल बनने से झांसी, गरौठा, मोंठ और हमीरपुर के बीच की दूरी कम हो जाएगी। ग्रामीणों को बारिश के समय नदी पार करने में आने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी। कमिश्नर और विधायक ने कार्यस्थल पर मौजूद लोगों से कहा कि सरकार ग्रामीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस तरह के बुनियादी ढांचे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास में मील का पत्थर साबित होंगे।
विधायक ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र की जनता इस पुल की प्रतीक्षा कर रही थी। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने खिरिया घाट पुल की बड़ी सौगात क्षेत्र की जनता को दी है। उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। विधायक ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण अरविंद कुमार, एसडीएम मोंठ अवनीश तिवारी, तहसीलदार ज्ञानेंद्र सिंह, सीओ अजय श्रोतिय, कोतवाल अखिलेश द्विवेदी मौजूद रहे।