घर पर सबमर्सिबल पंप का तार जोड़ते समय हुआ हादसा
बांदा में था तैनात, परिवार में मचा कोहराम
संवाद न्यूज एजेंसी
लुहारी /सकरार। करंट लगने से बांदा में तैनात सिपाही की मौत हो गई। घर पर सबमर्सिबल पंप का तार जोड़ते समय वह हादसे का शिकार हो गया। सिपाही की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। पत्नी बेसुध अवस्था में है।
सकरार थाना इलाके के ग्राम ढोड़ा निवासी प्रदीप कुशवाहा के पुत्र रूपेंद्र (28) की साल 2022 में पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती हुई थी। वर्तमान में उसकी बांदा जनपद में तैनाती थी। वह दो दिन पहले छुट्टी लेकर अपने घर आया हुआ था। सोमवार को वह घर पर सबमर्सिबल पंप का तार जोड़ रहा था। इसी दरम्यान वह करंट की चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना तेज था कि वह घर के अंदर से उछलकर मुख्य गेट के बाहर जा गिरा। परिजन आनन-फानन उसे सकरार के अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर यहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
0000
कंधों पर थी परिवार की जिम्मेदारी
ग्राम प्रधान साहब सिंह ने बताया कि रूपेंद्र के पिता प्रदीप कुशवाहा की आठ साल पहले सांप के डसने से मौत हो गई थी। उसके पिता के पास महज दो-तीन बीघा खेती ही थी। पिता की मृत्यु के बाद से ही रूपेंद्र ने परिवार का भार अपने कंधों पर ले लिया था। परिवार का खर्च चलाने के लिए वह ट्यूशन भी पढ़ाता था। साथ ही वह लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करता रहता था। 2022 में पुलिस विभाग में नौकरी मिलने के बाद घर की आर्थिक स्थिति में सुधार आया था। तीन साल पहले उसकी शादी पूजा के साथ हुई थी। उसका छह माह का एक बच्चा है। इसके अलावा परिवार में मां, दो बहनें और एक भाई है। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। पति को याद कर पत्नी पूजा बार-बार बेसुध हो जा रही है। गांव का माहौल भी गमगीन बना हुआ है।